रिज्यूमे में skills कैसे लिखें: technical, soft और ATS keyword

Skills रिज्यूमे का वह हिस्सा है जिसे HR सबसे पहले देखता है और उम्मीदवार सबसे आखिर में लिखता है. नतीजा यह होता है कि वहां जल्दबाजी में भरी हुई दस लाइनें रह जाती हैं - communication, hard working, team player, MS Office - जो हर दूसरे रिज्यूमे में भी मौजूद हैं. यह पेज बताता है कि इस section में क्या जाना चाहिए और हर लाइन को जांचने लायक कैसे बनाया जाए.

यह section सबसे ज्यादा क्यों पढ़ा जाता है

एक vacancy पर आने वाले रिज्यूमे शुरू में पूरे नहीं पढ़े जाते. पढ़ने वाला पहले देखता है कि आप कौन हैं, फिर यह कि आप क्या कर सकते हैं. Skills section इसी दूसरे सवाल का सीधा जवाब है, इसलिए वह छंटाई के पहले चरण में ही काम आता है.

दूसरी वजह तकनीकी है. बड़ी IT कंपनियों, BPO और corporate HR में रिज्यूमे पहले एक software से गुजरता है. वह software पूरे वाक्य नहीं समझता, वह शब्द ढूंढता है - Tally, Excel, Java, Selenium, GST, B.Sc Nursing. ये शब्द जिस section में सबसे साफ दिखते हैं, वह skills ही है.

इसका मतलब यह नहीं कि skills section अलग-थलग सूची बन जाए. वह अनुभव का सार होना चाहिए: जो कुछ आपने नीचे experience में लिखा है, उसकी मुख्य क्षमताएं ऊपर एक जगह दिख जाएं. अगर skills में कुछ ऐसा है जो नीचे कहीं नहीं दिखता, तो interview का पहला सवाल वहीं से आता है और जवाब कमजोर पड़ता है.

Technical skills और soft skills का असली फर्क

Technical skills - जिन्हें hard skills भी कहा जाता है - वे हैं जो आप अपने हाथ से करते हैं और जिन्हें कोई जांच सकता है. Tally में entry करना, Excel में VLOOKUP और pivot table, GST return भरना, welding की किसी एक विधि में काम, machine का setting बदलना, SQL query लिखना, drawing पढ़ना. इनके लिए किसी की राय की जरूरत नहीं - काम करके दिखाया जा सकता है.

Soft skills वे हैं जो आपके काम करने के तरीके के बारे में हैं: ग्राहक से बात, टीम के साथ तालमेल, दबाव में शांति, समय का प्रबंधन. ये झूठी नहीं होतीं, लेकिन इन्हें अकेला छोड़ देने से कुछ साबित नहीं होता, क्योंकि यही शब्द बाकी सब भी लिखते हैं.

व्यावहारिक नियम यह है: technical skills सूची में लिखें, soft skills काम के ब्योरे में छिपाकर लिखें. "Customer handling" अकेली लाइन के रूप में कमजोर है. वही बात "रोज 60 से 70 inbound call, escalation खुद संभाले" के रूप में लिखी जाए तो पढ़ने वाला खुद समझ जाता है कि आप ग्राहक संभाल सकते हैं. क्रम भी वही रखें जो vacancy मांग रही है - accounts की नौकरी के लिए Tally और GST पहली दो लाइन में, Excel तीसरी में.

कितनी skills लिखनी चाहिए

Technical skills 8 से 12 के बीच रखें. इससे कम में लगता है कि आपके पास बताने लायक कुछ नहीं, और इससे ज्यादा में सबका वजन बराबर हो जाता है. पच्चीस skills की सूची पढ़ने वाले को यह नहीं बताती कि आप किसमें सबसे अच्छे हैं - वह सिर्फ यह बताती है कि आपने सब कुछ लिख दिया.

Soft skills 4 से 6 से ज्यादा न हों, और वे भी वही जो आपके काम में सच में मायने रखती हैं. नर्स के लिए दबाव में शांति मायने रखती है, accountant के लिए सटीकता, teacher के लिए समझाने का तरीका. "Creative" और "self motivated" किसी के लिए भी मायने नहीं रखते क्योंकि उनका कोई माप नहीं है. और याद रखें कि Skills section अगर आधा पन्ना खा जाए तो अनुभव के लिए जगह नहीं बचेगी - skills का काम दरवाजा खोलना है, कमरा भरना नहीं.

कमज़ोर

Hard working, honest, quick learner, good communication skills, MS Office, Internet

मज़बूत

Tally Prime और Tally ERP 9 - 3 साल, महीने में 400 से ज्यादा voucher entry. GST return (GSTR-1, GSTR-3B) - 18 महीने, हर महीने 2 GSTIN. Excel - pivot table, VLOOKUP, 5000 row की monthly MIS. TDS return और bank reconciliation.

पहली सूची से यह पता नहीं चलता कि उम्मीदवार accounts का है या sales का. दूसरी से पढ़ने वाला जान जाता है कि कौन सा software, कितने समय से, और कितने काम के बोझ के साथ - यानी उसे किस पद पर रखा जा सकता है.

कमज़ोर

Computer knowledge, typing, data entry work, English

मज़बूत

English typing 42 wpm, हिंदी typing (Mangal, Inscript) 28 wpm. Excel और Google Sheets में data entry और validation. Scanned document से entry - रोज 300 से 350 record. English - email और written report.

Data entry की भर्ती में speed ही shortlisting की शर्त होती है, और "typing" से वह पता नहीं चलती. Speed, भाषा का layout और रोज का record count वही जानकारी दे देते हैं जो typing test में निकलती है.

कमज़ोर

Software testing, bug finding, automation, team player

मज़बूत

Manual Testing - functional, regression और smoke, 4 sprint के release cycle में. Selenium WebDriver (Java) - 120 regression test case automate किए. JIRA में defect logging, Postman से API testing. SQL - query लिखकर data verify करना.

Vacancy "Manual Testing" या "Selenium" के नाम से खोजी जाती है, "bug finding" के नाम से नहीं. दूसरी लाइन में वही शब्द हैं जो HR search में टाइप करता है, और test case की संख्या काम का पैमाना बता देती है.

कमज़ोर

बिजली का काम आता है, मेहनती हूं, कहीं भी काम कर सकता हूं

मज़बूत

ITI Electrician (NCVT), 5 साल site पर. Single phase और three phase wiring, DB और MCB panel का installation. Motor starter, DOL और star delta connection. Earthing और cable sizing. Megger और clamp meter से testing.

"बिजली का काम आता है" से तय नहीं हो सकता कि आपको घरेलू wiring पर लगाया जाए या panel पर. Trade certificate, panel का नाम और testing instrument बता देते हैं कि आप किस स्तर का काम खुद कर लेंगे.

कमज़ोर

Excellent communication, convincing power, target achiever, customer handling

मज़बूत

Field sales - रोज 12 से 15 retail outlet, 3 जिलों का beat plan. Primary और secondary billing, distributor के साथ stock और claim settlement. CRM (Salesforce) में daily call report. Hindi, English और मराठी में ग्राहक से बात.

"Convincing power" को कोई जांच नहीं सकता. रोज के outlet, beat का दायरा और CRM का नाम बता देते हैं कि आपने field, counter या telecalling में से किस तरह की बिक्री की है.

कमज़ोर

Teaching, class management, subject knowledge, computer

मज़बूत

कक्षा 6 से 8 तक गणित और विज्ञान, CBSE pattern. 45 से 50 बच्चों की class का management. Lesson plan और worksheet तैयार करना. Smart board और Google Classroom से online class. Unit test बनाना और result analysis से कमजोर बच्चों की remedial class.

"Teaching" हर teacher के रिज्यूमे में है. कक्षा, विषय और board बता देते हैं कि आप किस section के लिए फिट हैं, और school की भर्ती ठीक इसी हिसाब से होती है.

हर skill के पीछे एक proof होना चाहिए

सबसे बड़ा सुधार यह है: हर skill के आगे एक छोटा सा सबूत जोड़ दें. सबूत तीन तरह का हो सकता है - संख्या, पैमाना, या certificate. "Excel" की जगह "Excel - pivot table, VLOOKUP, 5000 row की monthly MIS report". "Tally" की जगह "Tally ERP 9 और Tally Prime - 3 साल, महीने में 400 से ज्यादा voucher entry".

यह तरीका दो काम एक साथ करता है. वह आपकी लाइन को बाकी सबसे अलग कर देता है, क्योंकि संख्या सिर्फ आपके पास है. और वह interview की तैयारी भी है - सवाल इसी पर आएंगे.

अगर किसी skill के पीछे कोई सबूत नहीं जुड़ पा रहा है, तो यह जांचने का मौका है कि वह skill वाकई आपकी है या सिर्फ सुनी हुई है. उसे हटा देना फायदे का सौदा है, क्योंकि एक झूठी लाइन interview में बाकी सच पर भी शक डाल देती है. Certificate वाली skills के साथ साल भी लिख दें - जिस tool पर आपने पिछले एक साल में काम किया है, वही सबसे ऊपर जाए.

ATS क्या है और keyword matching कैसे काम करती है

ATS यानी applicant tracking system वह software है जिसमें बड़ी कंपनियां आने वाले रिज्यूमे जमा करती हैं. वह हर रिज्यूमे का text पढ़कर उसे खाने में बांटता है - नाम, contact, education, experience, skills. इसके बाद recruiter किसी vacancy के लिए skill का नाम लिखकर खोजता है, और जिन रिज्यूमे में वह शब्द मिलता है वही ऊपर आते हैं.

इसलिए सबसे जरूरी बात यह है कि आप शब्द वही लिखें जो job description में लिखा है. अगर vacancy में "Manual Testing" लिखा है तो आप "software ki jaanch" लिखकर मुकाबले से बाहर हो जाएंगे. अगर "MS Excel" लिखा है तो "spreadsheet" न लिखें. तकनीकी शब्दों का हिंदी अनुवाद करना इस section में सबसे आम और सबसे भारी गलती है.

दूसरी बात यह कि वही शब्द दो जगह दिखना चाहिए - skills में और experience के किसी bullet में. "Selenium" skills में है और experience में "Selenium WebDriver से 120 regression test case automate किए" भी है, तो यह दोनों के लिए काम करता है - software के लिए और इंसान के लिए. और short form के साथ पूरा नाम भी लिख दें, क्योंकि खोजने वाला किसी एक से खोजेगा: "GST (Goods and Services Tax)", "CRM (Salesforce)", "ITI (Fitter)".

Skill का स्तर कैसे बताएं

Star, percentage bar और "80 प्रतिशत Excel" जैसी चीजें देखने में अच्छी लगती हैं लेकिन कुछ नहीं बतातीं - किसी का 80 प्रतिशत किसी और के 50 जैसा हो सकता है. ATS इन graphics को पढ़ भी नहीं पाता, तो मेहनत दोनों तरफ से बेकार जाती है.

इसकी जगह स्तर को काम से बताएं. "Excel - advanced" के बजाय लिखें कि आप Excel में क्या कर लेते हैं: pivot, VLOOKUP, conditional formatting, और macro छूते भी हैं या नहीं. "English - fluent" के बजाय लिखें "English - client के साथ email और call, written report".

भाषाओं के लिए यह और जरूरी है. हिंदी, English और अपनी स्थानीय भाषा अलग-अलग लिखें, और हर एक के आगे बताएं कि वह बोलने भर की है, पढ़ने-लिखने की है, या उसमें ग्राहक संभाला जा सकता है.

कौन सी skills लिखने का कोई फायदा नहीं

"Hard working", "honest", "punctual", "quick learner", "good communication" - ये सबसे ज्यादा लिखी जाने वाली लाइनें हैं और इसीलिए सबसे बेकार. इनसे पढ़ने वाले को आपके बारे में कोई नई जानकारी नहीं मिलती, और जो लाइन कोई नई जानकारी न दे, वह जगह खा रही है.

दूसरी श्रेणी है वे skills जो आज मान ली जाती हैं - "MS Word", "Internet", "email", "basic computer". ये अलग से लिखने लायक नहीं हैं, बशर्ते vacancy खुद इन्हें न मांग रही हो. Data entry और clerk की भर्ती में typing speed अब भी असली skill है, वहां उसे जरूर लिखें.

तीसरी श्रेणी है वह सब जो आपकी skill ही नहीं है - एक दिन का webinar, आधा छोड़ा हुआ course, या किसी दोस्त का project. जिसे आप काम करके दिखा न सकें, उसे न लिखें.

फ्रेशर अपनी skills कहां से निकाले

फ्रेशर के पास नौकरी का अनुभव नहीं होता, skills होती हैं - और वे पढ़ाई, training और project में छिपी होती हैं. Final year project, college का lab work, internship, industrial training, NSS या college society का काम, और वे कोई भी काम जो आपने पैसे के लिए या अपने लिए किए - सबमें से skill निकाली जा सकती है.

निकालने का तरीका यह है: जो आपने किया था उसे लिखिए, फिर उसमें से tool और तरीके का नाम अलग कीजिए. "College project में एक attendance system बनाया" से निकलता है: PHP, MySQL, form validation, और report निकालना. ITI या diploma किया है तो trade का नाम और workshop में सीखे काम को skill की तरह लिखें - "Arc welding और gas cutting, 6 महीने का practical".

एक ही रिज्यूमे हर vacancy के लिए क्यों नहीं चलता

अनुभव और शिक्षा बदलती नहीं, लेकिन skills का क्रम हर vacancy के लिए बदलना चाहिए. यह दस मिनट का काम है और असर सबसे ज्यादा इसी का होता है, क्योंकि छंटाई में सबसे ऊपर की तीन लाइनें ही पढ़ी जाती हैं.

तरीका सीधा है. Job description को सामने रखिए, उसमें से tool, software और काम के नाम अलग कीजिए, और देखिए कि उनमें से कौन से आपके पास वाकई हैं. जो हैं, उन्हें ऊपर कर दीजिए और उसी शब्द में लिखिए जिसमें vacancy ने लिखा है. जो नहीं हैं, उन्हें जोड़िए नहीं. और अगर मिलाने पर पता चले कि एक भी नहीं है, तो यह भी एक जवाब है - यह vacancy आपकी नहीं है.

  • Job description से tool और software के नाम अलग निकालें
  • जो आपके पास हैं उन्हें skills में सबसे ऊपर करें
  • शब्द वही रखें जो vacancy में लिखा है, अनुवाद न करें
  • हर ऊपरी skill का एक bullet experience में भी हो
  • जो नहीं है उसे कभी न जोड़ें

तैयार lines, जिन्हें आप ले सकते हैं

यहां से वही लें जो आप सच में करते हैं, और अपना उदाहरण या number जोड़ें - अकेली list कुछ साबित नहीं करती.

Office, computer और clerical

  • English typing 40 wpm, हिंदी typing (Mangal) 25 wpm
  • Excel - pivot table, VLOOKUP, conditional formatting
  • Google Sheets और Google Forms से data collection
  • MIS report - रोज और महीने की report बनाना
  • Document scanning, indexing और record keeping

Accounts और finance

  • Tally Prime, Tally ERP 9 - voucher entry और ledger
  • GST - GSTR-1, GSTR-3B और reconciliation
  • TDS return और Form 16 बनाना
  • Bank reconciliation और petty cash
  • Invoice, purchase order और e-way bill
  • Payroll, PF और ESIC की entry

IT और software

  • Java, Python या PHP - किसी एक में काम करने लायक पकड़
  • SQL - join, group by और data verification query
  • Git और GitHub से version control
  • REST API और Postman से testing
  • HTML, CSS और JavaScript - responsive layout
  • Manual Testing, test case लिखना और JIRA में defect logging

Technical और ITI trade

  • Drawing और blueprint पढ़ना, dimension marking
  • Arc welding, MIG, TIG - जो आता हो उसी का नाम
  • Vernier caliper, micrometer और dial gauge से measurement
  • Lathe, milling या CNC machine का setting
  • Three phase wiring, MCB panel और earthing
  • Preventive maintenance और breakdown की रिपोर्टिंग

Sales, customer और field

  • Field sales - रोज के outlet और beat plan
  • Primary और secondary billing, distributor handling
  • CRM में call और visit की entry
  • Telecalling - रोज के call और follow up
  • Collection और payment follow up
  • भाषा - हिंदी, English और एक स्थानीय भाषा

Soft skills, जिन्हें proof के साथ लिखा जा सकता है

  • Escalation खुद संभालना - महीने में 20 से 25 मामले
  • Shift handover - पूरी जानकारी अगली टीम तक पहुंचाना
  • नए staff को training देना - 6 लोगों को process सिखाया
  • दबाव में काम - month end closing के 5 दिन
  • Documentation में सफाई - audit में शून्य observation

रिज्यूमे के उदाहरण जहां यह दिखता है

रिज्यूमे के बाकी हिस्से

अपडेट किया गया 2026-10-03